
नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक, भ्रामक और मानहानिकारक सामग्री साझा करने के मामलों में दिल्ली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) को नोटिस भेजकर ऐसे पोस्ट और वीडियो हटाने के साथ-साथ उन्हें साझा करने वाले यूजर्स की विस्तृत जानकारी भी मांगी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने X से कहा है कि संवैधानिक पदों को निशाना बनाने वाली आपत्तिजनक सामग्री को तत्काल हटाया जाए। साथ ही संबंधित अकाउंट धारकों का नाम, पता, फोन नंबर, ईमेल आईडी, लॉग-इन और लॉग-आउट संबंधी विवरण सहित अन्य उपलब्ध जानकारी भी जांच के लिए उपलब्ध कराई जाए। पुलिस ने यह भी कहा है कि संबंधित पोस्ट और वीडियो का रिकॉर्ड भविष्य की जांच के लिए सुरक्षित रखा जाए।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई हाल के छात्र आंदोलन के दौरान और उसके बाद सोशल मीडिया पर साझा किए गए कंटेंट की समीक्षा के बाद की गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच शुरू की गई, जिसमें संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक और मानहानिकारक सामग्री प्रसारित किए जाने की बात सामने आई।
रिपोर्ट के अनुसार, हाल के प्रदर्शनों के दौरान कुछ लोगों ने सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। इनमें से कुछ लोगों ने बाद में सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी। अब दिल्ली पुलिस ऐसे मामलों में डिजिटल साक्ष्य जुटाने और संबंधित व्यक्तियों की पहचान करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।






