FIFA World Cup 2026: फुटबॉल के महान खिलाड़ी Lionel Messi ने एक बार फिर इतिहास रच दिया। फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-जे मुकाबले में अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराकर नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली। इस जीत के नायक मेसी रहे, जिन्होंने दोनों गोल दागकर विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
मैच की शुरुआत में मेसी के पास रिकॉर्ड बनाने का मौका था, लेकिन वह पेनल्टी को गोल में नहीं बदल सके। हालांकि उन्होंने जल्द ही वापसी की और 38वें मिनट में शानदार गोल कर जर्मनी के पूर्व स्टार मिरोस्लाव क्लोजे के 16 गोल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इसके बाद इंजरी टाइम में एक और गोल कर उन्होंने अपने विश्व कप गोलों की संख्या 18 तक पहुंचा दी।
ऑस्ट्रिया ने मुकाबले में कड़ी चुनौती देने की कोशिश की और कई मौकों पर गेंद पर अपना नियंत्रण बनाए रखा, लेकिन अर्जेंटीना की मजबूत रक्षा पंक्ति के सामने वह गोल करने में नाकाम रहा। दूसरी ओर, मेसी ने अनुभव और कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम को लगातार दूसरी जीत दिलाई।
इस जीत के साथ अर्जेंटीना के छह अंक हो गए हैं और वह ग्रुप-जे में शीर्ष पर पहुंच गया है। टीम अब अपने अंतिम ग्रुप मैच में जॉर्डन का सामना करेगी, जबकि ऑस्ट्रिया की टीम अल्जीरिया के खिलाफ जीत हासिल कर अगले दौर में पहुंचने की उम्मीद बनाए रखना चाहेगी।
38 वर्ष की उम्र में भी मेसी लगातार नए कीर्तिमान बना रहे हैं। उन्होंने इस विश्व कप में अब तक अर्जेंटीना के सभी पांच गोल किए हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में भी सबसे आगे चल रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि के बाद दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसक और पूर्व खिलाड़ी उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।

