Cricket: इण्डियन प्रीमियर लीग के 19वें सीज़न के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस (जीटी) को हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया है। आरसीबी ने गुजरात टाइटंस की ओर से मिले 156 रनों के लक्ष्य को 18 ओवरों में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। आरसीबी की इस ऐतिहासिक जीत के महानायक विराट कोहली रहे, जिन्होंने 75 रनों की शानदार नाबाद पारी खेली।

इससे पहले अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 155 रन बनाए थे। जीटी की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने 37 गेंदों में 50 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को इस स्कोर तक पहुँचाया था।

आरसीबी के गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन

आरसीबी की लगातार दूसरी खिताबी जीत में उसके गेंदबाजों की भी अहम भूमिका रही। रसिख सलाम डार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए, जबकि अनुभवी भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड के खाते में दो-दो विकेट आए। इन तीनों गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी की बदौलत ही आरसीबी ने गुजरात जैसी मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप को महज़ 155 रनों पर रोक दिया।

आरसीबी की तेज शुरुआत

156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत बेहद जोरदार रही। पारी के पहले ही ओवर में वेंकटेश अय्यर ने कगिसो रबाडा के खिलाफ 18 रन बटोरे। दो ओवरों के बाद ही आरसीबी का स्कोर बिना किसी नुकसान के 23 रन हो गया था।

तीसरे ओवर में विराट कोहली ने भी अपने हाथ खोले और मोहम्मद सिराज के खिलाफ दो शानदार चौके जड़े। इसके बाद चौथे ओवर में कोहली ने रबाडा को निशाने पर लेते हुए तीन चौके और एक गगनचुंबी छक्का लगाया। इस आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर चार ओवरों में ही आरसीबी का स्कोर 50 के पार पहुँच गया।

हालाँकि, मोहम्मद सिराज ने 5वें ओवर में वेंकटेश अय्यर को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। लेकिन आउट होने से पहले अय्यर ने महज 16 गेंदों में 32 रनों की तूफानी पारी खेलकर आरसीबी को वो ठोस शुरुआत दिला दी थी, जिसकी टीम को चैंपियन बनने के लिए जरूरत थी।

रबाडा का कमबैक और मिडिल ऑर्डर का संघर्ष

अपने तीसरे ओवर में कगिसो रबाडा ने शानदार वापसी की और पहली ही गेंद पर देवदत्त पडिक्कल (1 रन) को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। दो विकेट गिरने के बावजूद विराट कोहली पर कोई दबाव नजर नहीं आया और पावरप्ले खत्म होने तक आरसीबी का स्कोर 70 रनों तक पहुँच गया।

कोहली के साथ मिलकर कप्तान रजत पाटीदार ने पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन 9वें ओवर की दूसरी गेंद पर स्टार स्पिनर राशिद खान ने पाटीदार (15 रन) को आउट कर दिया। इसी ओवर में राशिद ने अपना कमाल जारी रखते हुए क्रुणाल पंड्या को भी शून्य पर आउट कर आरसीबी को बैकफुट पर धकेल दिया।

किंग कोहली ने संभाला मोर्चा

एक छोर से लगातार विकेट गिरने के बावजूद विराट कोहली क्रीज पर मजबूती से डटे रहे और 10 ओवरों में ही आरसीबी का स्कोर 100 रनों तक पहुँचा दिया। इसके बाद टिम डेविड और विराट कोहली के बीच पाँचवें विकेट के लिए 41 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई।

टीम के 132 के स्कोर पर डेविड 17 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए। लेकिन लगातार गिरते विकेटों के बीच भी किंग कोहली अडिग रहे और आरसीबी को लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनाकर ही ड्रेसिंग रूम वापस लौटे।

गुजरात टाइटंस की पारी का लेखा-जोखा

इससे पहले, फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने टॉस जीतकर गुजरात टाइटंस को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। जीटी की शुरुआत बेहद खराब रही। क्वालिफायर-2 में टीम की जीत के हीरो रहे शुभमन गिल और साई सुदर्शन इस बड़े मैच में फ्लॉप साबित हुए।

जोश हेजलवुड ने तीसरे ओवर में शुभमन गिल (10 रन) का विकेट लिया, जबकि चौथे ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने साई सुदर्शन (12 रन) को आउट कर जीटी को बड़ा झटका दिया। गौरतलब है कि इन दोनों ही बल्लेबाजों ने इस सीजन में 700 से ज्यादा रन बनाए थे और टीम को फाइनल में पहुँचाने में इनकी मुख्य भूमिका थी।

दो शुरुआती झटकों का असर जीटी की रन गति पर साफ दिखा और टीम पावरप्ले में केवल 45 रन ही बना सकी। सात ओवरों के बाद टीम का स्कोर 50 के पार पहुँचा। जोस बटलर ने निशांत संधू के साथ मिलकर पारी को संभालने का प्रयास किया, लेकिन 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर रसिख सलाम ने संधू (20 रन) को आउट कर इस साझेदारी को भी तोड़ दिया।

रनों की धीमी रफ्तार के दबाव में स्टार बल्लेबाज जोस बटलर भी क्रुणाल पंड्या की गेंद पर स्टंप आउट हो गए। 13वें ओवर की पहली गेंद पर जब बटलर आउट हुए, तब गुजरात का स्कोर सिर्फ 73 रन था। बटलर ने 23 गेंदों में 19 रन बनाए। आरसीबी के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और जीटी ने अपने 5 विकेट महज 99 रनों पर खो दिए। 15 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर 5 विकेट पर 105 रन था। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर ने 50 रनों की पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया, जो अंत में नाकाफी साबित हुआ।

खिताबी सफर की दिलचस्प जंग

इस फाइनल मुकाबले से पहले दोनों टीमें क्वालिफायर-1 में आमने-सामने हुई थीं, जहाँ आरसीबी ने जीत दर्ज कर सीधे फाइनल का टिकट कटाया था। दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस ने क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

यह आरसीबी का लगातार दूसरा आईपीएल खिताब है, जबकि गुजरात टाइटंस ने साल 2022 में अपने डेब्यू सीजन में ही आईपीएल का खिताब जीता था।