
नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को सिविल सेवा दिवस के अवसर पर देश के सभी सिविल सेवकों को बधाई दी और उनकी सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि नीति निर्माण और क्रियान्वयन में सिविल सेवकों की भूमिका ने न सिर्फ नागरिकों के जीवन को प्रभावित किया है, बल्कि देश के विकास में भी महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है।
राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “सिविल सेवा दिवस पर सभी सिविल सेवकों को हार्दिक शुभकामनाएं। सार्वजनिक सेवा में आपकी भूमिका और कार्यान्वयन में आपके योगदान ने नागरिकों के जीवन और राष्ट्र के विकास को प्रभावित किया है। मुझे विश्वास है कि आप देश के महत्वाकांक्षी लक्ष्यों को साकार करने और सुशासन में नए मानक स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी एक्स पर संदेश साझा करते हुए कहा, “सभी सिविल सेवकों और उनके परिवारों को सिविल सेवा दिवस की हार्दिक बधाई। वे भारत की प्रगति को गति देने और नागरिकों के कल्याण को सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। यह दिन उन्हें राष्ट्र सेवा में और अधिक ऊर्जा व उत्कृष्टता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करे।”
इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई अन्य नेताओं ने भी शुभकामनाएं दीं।
ओम बिरला ने लिखा, “सिविल सेवा दिवस पर देश के सभी सिविल सेवा अधिकारियों को शुभकामनाएं। देश के विकास और प्रशासन के प्रभावी संचालन में इनकी भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण रही है। सिविल सेवक शासन और जनता के बीच सेतु के रूप में कार्य करते हैं। संसद और विधानसभाओं द्वारा बनाए गए कानूनों को जमीन पर लागू कराने में वे प्रमुख भूमिका निभाते हैं।”
उन्होंने यह भी बताया कि हर वर्ष सिविल सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी संसद का अध्ययन दौरा करते हैं, जहां उन्हें संसदीय प्रक्रिया की जानकारी दी जाती है। “लोकसभा के शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान ‘प्राइड’ द्वारा आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद कर सकारात्मक अनुभव होता है। देश के युवा अधिकारियों की प्रगतिशील सोच देखकर गर्व होता है।”







Thank you for your sharing. I am worried that I lack creative ideas. It is your article that makes me full of hope. Thank you. But, I have a question, can you help me?