राजीव चौक पर रूटीन चेकिंग के दौरान खुली पोल; बिना हेलमेट, बिना बीमा, बिना पीयूसी और गलत दिशा में वाहन चलाने के थे अधिकांश चालान

गुरुग्राम: ट्रैफिक नियमों की लगातार अनदेखी करना एक स्कूटर चालक को भारी पड़ गया। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसे स्कूटर को जब्त कर लिया, जिस पर कुल 96 ट्रैफिक चालान लंबित थे और बकाया जुर्माना करीब 10 लाख रुपये तक पहुंच चुका था। यह कार्रवाई राजीव चौक पर नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान की गई।

https://www.aajtak.in/visualstories/auto/96-traffic-challans-rs-10-lakh-fine-scooter-impounded-gurugram-traffic-rules-auaw-284279-06-08-2026: 96 चालान, 10 लाख रुपये जुर्माना… फिर भी नहीं सुधरा चालक, गुरुग्राम पुलिस ने स्कूटर किया जब्त

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान स्कूटर चालक गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आता मिला। जब उससे वाहन के दस्तावेज मांगे गए तो वह ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) और अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वाहन का रिकॉर्ड ऑनलाइन जांचा गया, जिसमें 96 लंबित चालानों का खुलासा हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने, वैध बीमा नहीं होने, प्रदूषण नियंत्रण (PUC) प्रमाणपत्र नहीं होने और रॉन्ग साइड ड्राइविंग जैसे ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन से जुड़े थे। इनमें एक चालान ई-चालान मशीन से जारी किया गया था, जबकि बाकी कैमरा आधारित ट्रैफिक निगरानी प्रणाली के जरिए दर्ज किए गए थे।

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने स्कूटर को तत्काल जब्त कर निर्धारित इंपाउंड यार्ड में भेज दिया है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सभी लंबित चालानों का समय पर भुगतान करें, वाहन के दस्तावेज अपडेट रखें और सड़क पर हमेशा ट्रैफिक नियमों का पालन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लगातार नियमों का उल्लंघन करने और चालानों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।