
मुंबई: टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने वानखेड़े स्टेडियम के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड को एक बेहद रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया है। अब 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का सामना खिताब के लिए न्यूजीलैंड से होगा।
मुंबई की सपाट पिच पर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने रनों का अंबार लगा दिया। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की आक्रामक शुरुआत के बाद संजू सैमसन की विस्फोटक पारी के दम पर भारत ने 20 ओवर में 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड ने भी हार नहीं मानी। जैकब बेथेल ने शानदार शतक जड़कर एक समय मैच भारत के हाथ से छीन लिया था, लेकिन अंतिम ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने दबाव में सटीक गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड को 246 रनों पर रोक दिया।
इस जीत के साथ ही सोशल मीडिया पर “Thala for a reason” ट्रेंड करने लगा। दरअसल, मैच के दौरान स्टैंड्स में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ मौजूद थे। इत्तेफाक देखिए कि भारत की जीत का अंतर 7 रन रहा, दोनों टीमों के 7-7 विकेट गिरे और धोनी का जर्सी नंबर भी 7 ही है। फैंस ने इस संयोग को धोनी की मौजूदगी और उनके ‘लकी नंबर’ से जोड़कर वानखेड़े की पुरानी यादें ताजा कर दीं, जहां 2011 में धोनी ने छक्का मारकर भारत को विश्व विजेता बनाया था।

टी20 विश्व कप के इतिहास में यह तीसरी बार था जब ये दोनों टीमें सेमीफाइनल में टकराईं। दिलचस्प बात यह है कि पिछले दो मौकों (2022 और 2024) में जो भी टीम यह सेमीफाइनल जीती, वही अंत में चैंपियन बनी। आंकड़ों में भी भारत अब इंग्लैंड पर भारी है; दोनों के बीच हुए 29 मुकाबलों में भारत ने 17 बार जीत दर्ज की है। अब पूरे देश की नजरें अहमदाबाद पर टिकी हैं, जहाँ टीम इंडिया एक बार फिर विश्व कप ट्रॉफी उठाने के इरादे से मैदान में उतरेगी।







Really Appreciate this article, how can I make is so that I get an email sent to me every time you write a new article?
You have brought up a very fantastic details , thanks for the post.