
अयोध्या: अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को हुई अहम बैठक में तीन नए ट्रस्टियों की नियुक्ति की गई। ट्रस्ट में दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की निर्मला यादव को नई जिम्मेदारी दी गई है।
तीन खाली पदों पर हुई नियुक्ति
राम मंदिर ट्रस्ट में तीन सदस्य पद खाली थे। इन पदों को भरने के लिए अयोध्या की मणिराम दास छावनी में बैठक हुई। बैठक में तीनों नामों पर फैसला किया गया। महेश भागचंदका दिल्ली से हैं और दिवंगत विश्व हिंदू परिषद (VHP) नेता अशोक सिंघल के रिश्तेदार बताए जाते हैं। मदन मोहन पांडेय अयोध्या से हैं, जबकि निर्मला यादव शिकोहाबाद से हैं।
ट्रस्ट के पहले CEO पर भी फैसला
ट्रस्ट की बैठक में सिर्फ नए सदस्यों की नियुक्ति ही नहीं, बल्कि पहले पूर्णकालिक CEO की नियुक्ति को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। CEO के चयन के लिए बनाई गई सर्च कमेटी ने तीन नामों का पैनल ट्रस्ट को सौंपा है। अब ट्रस्ट इन नामों की प्राथमिकता तय करेगा और इसके बाद चयनित उम्मीदवार को जिम्मेदारी की पेशकश की जाएगी।
बताया गया है कि CEO पद के लिए 5,585 आवेदन आए थे, जिनमें से प्रक्रिया के बाद तीन नामों को अंतिम पैनल में शामिल किया गया है।
राम मंदिर के प्रशासन में बड़ा बदलाव
नए ट्रस्टियों की नियुक्ति और पूर्णकालिक CEO की संभावित नियुक्ति को राम मंदिर के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मंदिर का निर्माण आगे बढ़ने के साथ ट्रस्ट के सामने संचालन, प्रबंधन और प्रशासन से जुड़ी जिम्मेदारियां भी बढ़ रही हैं।







Nice perspective on the topic. You may find MAI Transcribe 2 useful — . MAI Transcribe 2