टी-20 वर्ल्ड कप: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ भारत टी-20 वर्ल्ड कप को तीन बार जीतने वाला पहला देश बन गया है।

इससे पहले टीम इंडिया ने 2007 और 2024 में यह खिताब जीता था और अब 2026 में लगातार दूसरी बार चैंपियन बनकर नई उपलब्धि हासिल की है।

फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारतीय टीम की ओर से संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने शानदार अर्धशतक लगाए। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंद में 52 रन की तेज पारी खेली, जबकि संजू सैमसन ने 89 रन और ईशान किशन ने 54 रन बनाए। अंत में शिवम दुबे ने तेज बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 255 रन तक पहुंचा दिया।

256 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम को 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट कर दिया। जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट लिए। वहीं अक्षर पटेल ने तीन ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

शानदार गेंदबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में लगातार तीन अर्धशतक लगाने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब मिला।

इस जीत के साथ भारतीय टीम ने पिछले 20 महीनों में तीसरा आईसीसी खिताब भी अपने नाम कर लिया है।

जून 2024 में भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप जीता था, मार्च 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा किया और अब 2026 में फिर से टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर दुनिया में अपना दबदबा साबित कर दिया है।