
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के ‘बदला लेने’ वाले बयान पर पलटवार किया है। बुधवार को गोरखपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष का यह बयान विचित्र है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सपा के बबुआ को समझाइए कि लोकतंत्र में बदला नहीं, जनता बदलाव करती है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने 2014 में देश के स्तर पर और 2017 में उत्तर प्रदेश में बदलाव करके दिखाया था। उन्होंने कहा कि यह बदलाव किसी राजनीतिक दल की वजह से नहीं, बल्कि देश और प्रदेश की जनता के फैसले से आया था।
दरअसल, अखिलेश यादव ने हाल ही में बयान दिया था कि आने वाली पीढ़ी हर लाठी और हर जख्म का बदला लेगी। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र में जनता अपने वोट के जरिए बदलाव लाती है।
मुख्यमंत्री गोरखपुर में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से जुड़े कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।





