
नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी विवाद के बीच कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगले 30 साल तक उसकी सरकार नहीं बनने वाली। अमित शाह ने राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर भी तंज कसा और कहा कि बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते हैं।
‘विदेश से लौटकर मेरी बात सुनिए’
अमित शाह ने राहुल गांधी के विदेश दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें पता है कि राहुल गांधी उनकी बात नहीं सुन सकते, क्योंकि वह विदेश में हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी यह भी नहीं बताते कि वह विदेश क्यों जाते हैं, हालांकि यह उनकी निजी जिंदगी है।
शाह ने तंज कसते हुए कहा, “एक बार आप दिल्ली लैंड कर जाइए, मेरी बात सुनकर रखना। अगले 30 साल तक आपका नंबर नहीं लगने वाला है।”
उन्होंने कहा कि बीजेपी के बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच रहते हैं और उनकी परेशानियों को समझते हैं।
SIR और वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस को जवाब
अमित शाह की यह टिप्पणी राहुल गांधी की ओर से चुनावों में कथित वोट चोरी को लेकर लगाए गए आरोपों के बीच आई है। राहुल गांधी ने पहले चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने बीजेपी के नेताओं के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए भी सवाल किया था कि उन्हें पहले से कैसे पता होता है कि पार्टी कितने समय तक सत्ता में रहेगी।
इस पर जवाब देते हुए अमित शाह ने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब उसे चुनाव आयोग और मतदाता सूची पर भरोसा होता है, लेकिन हारने पर वह सवाल उठाने लगती है।
शाह ने केरल, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की जीत का जिक्र किया। उन्होंने तमिलनाडु में उन दलों की जीत का भी हवाला दिया, जिन्हें कांग्रेस का समर्थन मिला था। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल चुनाव जीतने पर चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल नहीं उठाते, लेकिन हारने पर उसकी निष्पक्षता पर सवाल खड़े करते हैं।
प्रदर्शन करने से चुनाव नहीं जीते जा सकते: शाह
SIR के मुद्दे पर विपक्षी दलों के प्रदर्शन को लेकर भी अमित शाह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करने और चुनाव परिणामों पर सवाल उठाने से चुनाव नहीं जीते जा सकते। अगर कांग्रेस को चुनाव जीतना है, तो उसे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना होगा।
शाह ने कांग्रेस नेताओं से कहा कि जिन राज्यों में उनकी पार्टी या सहयोगी दलों की सरकारें हैं, वहां जनता की समस्याओं को दूर करने और विकास पर ध्यान देना चाहिए।
गौरतलब है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्षी दल चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के आरोप लगाए हैं। वहीं, अमित शाह ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कांग्रेस की राजनीति और चुनाव के बाद उसके रवैये पर सवाल उठाए हैं।





