गुवाहाटी: असम की राजधानी गुवाहाटी में एक कारोबारी द्वारा फ्लाईओवर पर पत्नी का जन्मदिन मनाना महंगा पड़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कारोबारी गौतम बरुआ, उनकी पत्नी कराबी बरुआ समेत 14 लोगों को हिरासत में लिया है। साथ ही समारोह में इस्तेमाल की गई चार लग्जरी गाड़ियों को भी जब्त कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, गौतम बरुआ ने अपनी पत्नी के 42वें जन्मदिन के अवसर पर ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु (फ्लाईओवर) पर देर रात एक निजी समारोह आयोजित किया था। इस दौरान सड़क पर रेड कार्पेट बिछाया गया, गुब्बारों से सजावट की गई और आतिशबाजी भी की गई। समारोह में कई लोग और लग्जरी वाहन मौजूद थे, जिससे सार्वजनिक सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर सवाल खड़े हो गए।

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और सार्वजनिक ढांचे के निजी उपयोग तथा सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। इसके बाद भरालुमुख पुलिस ने जांच शुरू की और मामले में कार्रवाई की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिनमें सार्वजनिक मार्ग में बाधा उत्पन्न करना, जन उपद्रव फैलाना और दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालना शामिल है।

जांच के दौरान पुलिस ने एक लैंड रोवर डिफेंडर, मर्सिडीज, महिंद्रा स्कॉर्पियो और होंडा सिटी कार को जब्त किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों और महत्वपूर्ण यातायात मार्गों पर निजी समारोह आयोजित करने को लेकर बहस का विषय बन गई है।

(Declaimer: खबर विभिन्न ऑनलाइन न्यूज़ के आधार पर )