लखनऊ: सिद्धार्थ गुप्ता और सुष्मिता भट स्टारर फिल्म ‘कृष्णावतारम’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर दीवानगी इस कदर है कि हर तरफ इसकी कहानी और अभिनय की चर्चा हो रही है। अब इस फिल्म की सफलता में एक और बड़ा अध्याय जुड़ गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म की सराहना करते हुए इसे पूरे राज्य में टैक्स फ्री (कर मुक्त) घोषित कर दिया है।

मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों ने देखी फिल्म

हाल ही में राजधानी लखनऊ में फिल्म ‘कृष्णावतारम’ की एक विशेष स्क्रीनिंग रखी गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्यब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और कई अन्य जन प्रतिनिधि शामिल हुए। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसकी कहानी और आध्यात्मिक संदेश की काफी तारीफ की। उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री होने के बाद अब यह फिल्म आम जनता के लिए और भी सस्ती दरों पर उपलब्ध होगी, जिससे इसकी कमाई में बड़ा उछाल आने की उम्मीद है।

क्या है फिल्म की कहानी?

फिल्म की शुरुआत जगन्नाथ पुरी के पावन धाम से होती है, जहाँ एक गुरुजी भक्तों को भगवान कृष्ण की महिमा और उनकी लीलाओं का रसपान करा रहे होते हैं। इसी परिवेश के बीच कहानी मुख्य कथानक की ओर बढ़ती है, जहाँ भगवान कृष्ण के जीवन के विभिन्न अनछुए पहलुओं को बेहद खूबसूरती से फिल्माया गया है। फिल्म का वह दृश्य, जिसमें कृष्ण एक वृक्ष के सहारे बैठे नजर आते हैं, दर्शकों के दिलों को छू रहा है।

फैंस और मेकर्स में खुशी की लहर

सिद्धार्थ गुप्ता के शानदार अभिनय और सुष्मिता भट की मौजूदगी ने इस फिल्म को जीवंत बना दिया है। यूपी सरकार के इस फैसले के बाद फिल्म के मेकर्स ने खुशी जाहिर करते हुए इसे ‘सत्य और आध्यात्मिकता की जीत’ बताया है। सोशल मीडिया पर फैंस इस खबर के बाद जश्न मना रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ‘कृष्णावतारम’ न केवल मनोरंजन कर रही है, बल्कि युवा पीढ़ी को भगवान कृष्ण के आदर्शों से भी जोड़ रही है।