
पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली भारत की महिला निशानेबाज मनु भाकर और विश्व शतरंज चैंपियनशिप के विजेता भारतीय ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश सहित चार खिलाड़ियों को खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। इस मौके पर खेल मंत्री मनसुख मांडविया और अन्य केंद्रीय मंत्री भी उपस्थित थे।
खेल मंत्रालय द्वारा जनवरी के पहले सप्ताह में खेल पुरस्कार 2024 की घोषणा की गई थी, जिसके तहत राष्ट्रपति भवन में इन पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया गया। मनु और गुकेश के अलावा भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरालंपियन प्रवीण कुमार को भी खेल रत्न से सम्मानित किया गया।
22 वर्षीय मनु भाकर पेरिस ओलंपिक में एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली स्वतंत्र भारत की पहली खिलाड़ी बनीं। उन्होंने अगस्त में 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत और मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। पेरिस ओलंपिक में हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारत ने लगातार दूसरे ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। 18 वर्षीय गुकेश पिछले साल शतरंज ओलंपियाड में भारतीय टीम को ऐतिहासिक स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और वह सबसे युवा विश्व चैंपियन बने। पैरा हाई जंपर प्रवीण कुमार ने पेरिस पैरालंपिक में टी64 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। यह वर्ग उन खिलाड़ियों के लिए है जिनके घुटने से नीचे एक या दोनों पैर नहीं होते और जो कृत्रिम पैर पर दौड़ने के लिए निर्भर रहते हैं।
खेल रत्न के अलावा 34 खिलाड़ियों को 2024 में खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिसमें एथलीट सुचा सिंह और पैरा तैराक मुरलीकांत राजाराम पेटकर को अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम अवार्ड से सम्मानित किया गया। बेहतर कोचिंग देने के लिए पांच व्यक्तियों को द्रोणाचार्य पुरस्कार मिला, जिनमें बैडमिंटन कोच एस. मुरलीधरन और फुटबॉल कोच अरमांडो एगनेलो कोलाको लाइफटाइम श्रेणी में शामिल हैं।