
Ranchi: झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने 4 अगस्त 2025 की सुबह 8:56 बजे दिल्ली के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। लंबे समय से बीमार चल रहे सोरेन को जून 2025 के अंतिम सप्ताह में दिल्ली के श्री गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। उन्हें डायबिटीज, किडनी की समस्या और हृदय संबंधी जटिलताओं से जूझना पड़ रहा था।
11 जनवरी 1944 को जन्मे शिबू सोरेन को ‘दिशोम गुरु’ के नाम से जाना जाता था और उन्होंने झारखंड के आदिवासी आंदोलन तथा राज्य के गठन में अहम भूमिका निभाई। वे तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे और कई बार लोकसभा व राज्यसभा के सदस्य भी बने। केंद्र में वे कोयला मंत्री भी रहे।
उनके निधन पर मुख्यमंत्री और पुत्र हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि “आज मैं शून्य हो गया हूं।” शिबू सोरेन का जाना न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के आदिवासी समाज के लिए एक युग के अंत के समान है।