नई दिल्ली: वैश्विक एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) परिदृश्य में भारत ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘India AI Impact Summit 2026’ के दौरान देश ने महज 24 घंटों में सबसे अधिक संख्या में ‘AI उत्तरदायित्व संकल्प’ ( एआई प्लेज ) दिलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है।

16 से 17 फरवरी 2026 के बीच चले इस डिजिटल अभियान में देशभर के छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ भाग लिया। कुल 2,50,946 से अधिक लोगों ने एआई के नैतिक, पारदर्शी और जिम्मेदार उपयोग के लिए ऑनलाइन शपथ ली। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के आधिकारिक प्रतिनिधियों ने इसे “24 घंटे में एआई जिम्मेदारी के लिए लिए गए सबसे अधिक शपथ पत्र” के रूप में मान्यता दी है।

इस उपलब्धि पर केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में यह पहल युवाओं और नागरिकों को एआई के सुरक्षित और जवाबदेह उपयोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि यह रिकॉर्ड केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि एआई के प्रति भारत की सामाजिक जिम्मेदारी और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में बढ़ते कदमों का प्रतीक है।

इस अभियान के तहत शपथ लेने वाले सभी प्रतिभागियों को डिजिटल बैज प्रदान किए गए हैं, जिससे वे भविष्य के एआई-लर्निंग और जागरूकता कार्यक्रमों से जुड़े रह सकेंगे। समिट में भारी जनभागीदारी और रिकॉर्ड-तोड़ उत्साह को देखते हुए सरकार ने भारत मंडपम में चल रहे इस शिखर सम्मेलन की अवधि को 21 फरवरी 2026 तक बढ़ाने का निर्णय लिया है।

AI Impact Summit 2026 में दुनिया भर की प्रमुख टेक कंपनियों, नीति निर्माताओं और शोधकर्ताओं ने हिस्सा लिया है। शिखर सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य एआई से जुड़ी महत्वपूर्ण चुनौतियों, जैसे डेटा सुरक्षा और गोपनीयता, गलत सूचना से मुकाबला, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना पर ठोस संवाद और समाधान की दिशा में कदम बढ़ाना है।

यह समिट भारत को तकनीकी नवाचार और एआई गवर्नेंस के क्षेत्र में एक वैश्विक मार्गदर्शक के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो रही है।