
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले BRICS Summit 2026 को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। विदेशी मेहमानों और VIP काफिलों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली में 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं, जबकि 35 से ज्यादा प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इन रास्तों पर वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोकी या डायवर्ट की जा सकती है।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नियंत्रित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें, पहले से अपना रूट प्लान करें और जहां संभव हो, वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। समिट के दौरान लोगों को मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करने की सलाह भी दी गई है।
इन इलाकों में ट्रैफिक पर खास नजर
एडवाइजरी के मुताबिक नई दिल्ली और आसपास के कई महत्वपूर्ण रास्तों पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा। इनमें मथुरा रोड, भैरों मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, तिलक मार्ग, मंडी हाउस, जनपथ, शेरशाह रोड, इंडिया गेट के आसपास के रास्ते, अकबर रोड, पृथ्वीराज रोड, सरदार पटेल मार्ग, मोतीबाग और आरके पुरम जैसे प्रमुख इलाके शामिल हैं।
VIP काफिलों के गुजरने के दौरान इन सड़कों पर कुछ समय के लिए यातायात रोका भी जा सकता है। इसलिए इन क्षेत्रों से गुजरने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
एयरपोर्ट जाने वालों के लिए अलग रूट
BRICS Summit के दौरान IGI Airport आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। अलग-अलग दिशाओं से एयरपोर्ट पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्ते निर्धारित किए गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट के लिए सामान्य से पहले निकलें और यात्रा के दौरान संभावित ट्रैफिक प्रतिबंधों को ध्यान में रखें।
रेलवे स्टेशन जाने वालों को भी सावधानी
नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और दूसरे प्रमुख रेलवे स्टेशनों तक जाने वाले यात्रियों के लिए भी वैकल्पिक रूट बताए गए हैं। VIP मूवमेंट के दौरान कुछ रास्तों पर अचानक ट्रैफिक रोक या डायवर्जन लगाया जा सकता है।
ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ट्रेन के निर्धारित समय से काफी पहले घर से निकलें, ताकि रास्ते में ट्रैफिक प्रतिबंधों के कारण ट्रेन न छूटे।
किन प्रमुख रास्तों से बचने की सलाह
एडवाइजरी में कई प्रमुख सड़कों पर अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है। इनमें मथुरा रोड, तीस जनवरी मार्ग, जनपथ, सत्य मार्ग, पृथ्वीराज रोड, फिरोजशाह रोड, अशोक रोड, तुगलक रोड, पंचशील मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, शांति पथ, शेरशाह सूरी मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, तिलक मार्ग, अकबर रोड, सरदार पटेल मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, कौटिल्य मार्ग, भगवान दास रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कर्तव्य पथ, पुराना किला रोड, सफदरजंग रोड और न्याय मार्ग शामिल हैं।
11 सितंबर को स्कूल और सरकारी दफ्तर बंद
BRICS Summit की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए 11 सितंबर को दिल्ली के स्कूलों में छुट्टी रहेगी। शिक्षा निदेशालय के सर्कुलर के अनुसार सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूल बंद रहेंगे।
इसके अलावा, समिट से जुड़ी सुरक्षा और लॉजिस्टिक व्यवस्था के कारण केंद्र और दिल्ली सरकार के कार्यालय भी 11 सितंबर को बंद रखने की जानकारी दी गई है।
मेट्रो से सफर करने की सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि समिट के दौरान निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करें और मेट्रो या अन्य सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें। VIP काफिलों के दौरान सड़कों पर अस्थायी रोक लगने की स्थिति में मेट्रो यात्रियों के लिए ज्यादा सुविधाजनक विकल्प हो सकती है।
पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने और यात्रा से पहले रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट चेक करने की अपील की है।





