FIFA World Cup 2026: फीफा विश्व कप 2026 में इक्वाडोर ने बड़ा उलटफेर करते हुए चार बार के चैंपियन जर्मनी को 2-1 से हराकर नॉकआउट चरण में जगह बना ली। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे इक्वाडोर में जश्न का माहौल है। देश के राष्ट्रपति डेनियल नोबोआ ने टीम की इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए 26 जून को राष्ट्रीय अवकाश घोषित कर दिया।
ग्रुप-ई के इस मुकाबले में जर्मनी ने दूसरे ही मिनट में लीरॉय साने के गोल से बढ़त बना ली थी। हालांकि, इक्वाडोर ने शानदार वापसी करते हुए नौवें मिनट में निल्सन अंगुलो के गोल से बराबरी कर ली। मैच का निर्णायक गोल 77वें मिनट में गोंजालो प्लाटा ने किया, जिसने इक्वाडोर को 2-1 की ऐतिहासिक जीत दिला दी।
इस जीत के साथ इक्वाडोर ग्रुप-ई में तीसरे स्थान पर रहते हुए सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमों में शामिल होकर नॉकआउट चरण में पहुंच गया। यह 2006 के बाद पहली बार है, जब इक्वाडोर फीफा विश्व कप के नॉकआउट दौर में पहुंचा है। दूसरी ओर, जर्मनी पहले ही अगले दौर के लिए क्वालिफाई कर चुका था, इसलिए इस हार का उसके आगे बढ़ने पर असर नहीं पड़ा।
टीम की इस ऐतिहासिक सफलता के बाद राष्ट्रपति डेनियल नोबोआ ने सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ की सराहना करते हुए 26 जून को राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया। बाद में इसे आधिकारिक आदेश के जरिए लागू भी कर दिया गया। यह अवकाश सार्वजनिक और निजी, दोनों क्षेत्रों के कर्मचारियों के लिए लागू किया गया।
मैच के बाद इक्वाडोर के खिलाड़ियों और प्रशंसकों ने स्टेडियम में जमकर जश्न मनाया। न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में बड़ी संख्या में मौजूद इक्वाडोर के समर्थकों ने टीम की जीत का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

