लेह (लद्दाख), 22 जून, 2026: लद्दाख के लेह में स्थित प्रसिद्ध महाबोधि इंटरनेशनल मेडिटेशन सेंटर (MIMC) ने दुनिया की सबसे ऊंची योग डेस्टिनेशन पर इतिहास रचते हुए अपना नाम ‘विनर्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज करा लिया है। यह सम्मान संस्थान को नुब्रा वैली के सियाचिन बेस कैंप में पहली बार ‘इंटरनेशनल फेस्टिवल ऑफ योग एंड मेडिटेशन’ (IFYM) का सफल आयोजन करने के लिए दिया गया है।

महाबोधि इंटरनेशनल मेडिटेशन सेंटर के संस्थापक और आध्यात्मिक निदेशक वेन भिक्खु संघसेना के कुशल मार्गदर्शन में, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के अवसर पर इस ऐतिहासिक पहल की शुरुआत की गई। इतिहास में पहली बार, MIMC ने भारतीय सेना के साथ मिलकर IFYM 2026 के तहत 19 जून 2026 को समुद्र तल से लगभग 12,000 फीट की अत्यधिक ऊंचाई पर स्थित मशहूर सियाचिन बेस कैंप में एक विशाल योग और ध्यान शिविर का आयोजन किया था।

मिला वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट

इस अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए विनर्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के चेयरमैन (और मिस इंडिया) डॉ. ईशा अग्रवाल तथा प्रेसिडेंट डॉ. दीपक हरके ने लेह पहुंचकर आध्यात्मिक निदेशक वेन भिक्खु संघसेना को आधिकारिक तौर पर वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट प्रदान किया।

कई दिग्गज रहे मौजूद

इस गौरवशाली और ऐतिहासिक क्षण के दौरान कई प्रतिष्ठित हस्तियां भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ब्रह्माकुमारी उषा दीदी, सियाचिन बेस कैंप के कमांडर कर्नल मुकेश पांडे, और बेंगलुरु स्थित “श्वास योग संस्थान” के संस्थापक व प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु ‘श्वास गुरु’ स्वामी वचनानंद मौजूद थे।

इतनी कठिन परिस्थितियों और अत्यधिक ऊंचाई पर भारतीय सेना के जवानों के साथ योग और ध्यान का यह संगम न सिर्फ शारीरिक और मानसिक दृढ़ता का प्रतीक बना, बल्कि इसने वैश्विक स्तर पर लद्दाख का नाम रोशन कर दिया है।