
नासा ने पुष्टि की है कि अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर मंगलवार को पृथ्वी पर वापस लौटेंगे। वे पिछले नौ महीने से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर थे। उनके साथ नासा के निक हेग और रूसी अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोरबुनोव भी स्पेसएक्स क्रू ड्रैगन यान के जरिए लौटेंगे।
नासा के अनुसार, यह टीम मंगलवार को फ्लोरिडा तट के पास समुद्र में उतरने वाली है। अमेरिकी समयानुसार शाम 5:57 बजे (भारतीय समयानुसार 19 मार्च की सुबह 3:30 बजे) यह लैंडिंग होगी। विल्मोर और विलियम्स जून 2023 में बोइंग स्टारलाइनर यान के पहले मानवयुक्त परीक्षण उड़ान के तहत आईएसएस गए थे, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उनकी वापसी में देरी हुई।
नासा ने बताया कि इस वापसी का समय इस तरह तय किया गया है जिससे आईएसएस के दल को अपने कार्य पूरे करने का समय मिले और सप्ताह के अंत में संभावित खराब मौसम से बचा जा सके। स्पेसएक्स क्रू-9 के पृथ्वी पर लौटने का सीधा प्रसारण 17 मार्च की रात 10:45 बजे (अमेरिकी समयानुसार) से शुरू होगा, जो भारत में 18 मार्च की सुबह 8:30 बजे देखा जा सकेगा।
यह यात्रा विल्मोर और विलियम्स के लिए एक राहत भरी वापसी होगी, क्योंकि वे कुछ दिनों की उड़ान के लिए गए थे लेकिन नौ महीने तक वहां फंसे रह गए। हालांकि, उनका प्रवास सामान्य छह महीने की अवधि से अधिक था, लेकिन यह 2023 में अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री फ्रैंक रुबियो के 371 दिन और रूसी अंतरिक्ष यात्री वालेरी पॉलाकोव के 437 दिन के रिकॉर्ड से कम रहा।
लंबे समय तक परिवार से दूर रहने के कारण यह मिशन सुर्खियों में रहा। अतिरिक्त समय के चलते नासा को उन्हें अतिरिक्त कपड़े और जरूरी सामान भेजना पड़ा, क्योंकि वे इतनी लंबी यात्रा के लिए पहले से तैयार नहीं थे। (IANS)