दिल्ली-एनसीआर में आज ठंड ने अपने तेवर दिखा दिए। सुबह से ही धूप गायब रही और दूर-दूर तक कोहरे की सफेद चादर पसरी नजर आई। कामकाज या दफ्तर के लिए घर से निकले लोगों को कोहरे और शीतलहर के चलते भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 100 मीटर से भी कम रही। यह राजधानी में लगातार पांचवां दिन है जब शीतलहर का प्रकोप जारी है, और अगले कुछ दिनों तक हालात ऐसे ही बने रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, 6 जनवरी के बाद ठंड और प्रचंड रूप ले सकती है। शुक्रवार सुबह मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा और शाम के समय आंशिक बादल देखने को मिल सकते हैं। अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहने की उम्मीद है। 4 और 5 जनवरी को भी मध्यम कोहरा रहेगा, जबकि कुछ इलाकों में घना कोहरा हो सकता है। 5 जनवरी को तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार 12-14 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहेगी।

6 जनवरी को हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 16 डिग्री तक गिर सकता है और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहेगा। 7 और 8 जनवरी से ठंड और बढ़ेगी। इन दिनों अधिकतम तापमान 14-15 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक गिर सकता है।

स्काईमेट के अनुसार, अगले 6-7 दिनों तक दिन के समय शीतलहर का असर बना रहेगा। हालांकि, रात के समय शीतलहर का प्रकोप कम रहेगा। अधिकतम तापमान 16 डिग्री से नीचे और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना है। जनवरी का महीना दिल्ली के लिए सबसे ठंडा होता है, जिसका औसत न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री और अधिकतम 20 डिग्री के आसपास होता है।

आने वाले हफ्तों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर पहाड़ों पर देखने को मिलेगा, जिससे बर्फबारी की संभावना है। इसका असर मैदानी इलाकों में भी रहेगा, जहां दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे आ सकता है। 5-6 जनवरी के बीच हल्की बारिश और 10-12 जनवरी के बीच एक और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।