वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की ओर से शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में सितंबर 2024 तक 80 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था। जिसे 30 सितंबर से 5 दिन पहले ही पूरा कर लिया गया। इसमें यूपी ने लक्ष्य से अधिक पौधे लगा कर नया रिकॉर्ड भी बनाया।

पर्यावरण को बचाने और सुरक्षित रखने की दिशा में देश में पौधरोपण को लेकर शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान ने बड़ी सफलता हासिल की है। तय समय सीमा से पहले ही पौधरोपण के लक्ष्य को पूरा करना एक उपलब्धि है। उत्तर प्रदेश जैसे राज्य ने लक्ष्य से अभी अधिक पौधरोपण कर एक नया रिकॉर्ड भी बनाया है।

हालांकि इस दौरान पश्चिम बंगाल, दिल्ली और तमिलनाडु जैसे राज्यों ने सुस्ती दिखाई और अपने लक्ष्यों से पीछे रहे। पौधरोपण से जुड़े इस अभियान की शुरूआत माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 5 जून को ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के मौके पर स्वयं अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर की थी।

वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की ओर से शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में सितंबर 2024 तक 80 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था। जिसे 30 सितंबर से 5 दिन पहले ही पूरा कर लिया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान जैसे राज्यों ने लक्ष्य से अधिक पौधरोपण कर एक नया रिकॉर्ड भी बनाया है। इस दौरान उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 26.67 करोड़ पौधे लगाए गए हैं, जबकि उसे लक्ष्य सिर्फ 25.25 करोड़ का ही दिया गया था। वहीं 15.5 करोड़ पौधे लगाकर गुजरात इस अभियान में दूसरे नंबर पर रहा। अभियान के तहत गुजरात को 12.20 करोड़ पौधों को रोपने का लक्ष्य दिया गया था। यह अभियान अभी अगले वर्ष तक जारी रहेगा, दो सालों में लगभग 140 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है।

वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के मुताबिक इस अभियान के तहत पश्चिम बंगाल को सितंबर 2024 तक 1.30 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है, जबकि उसने सिर्फ 3 लाख पौधे ही लगाए हैं। वहीं तमिलनाडु को 42 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया था, और उसने सिर्फ 4 लाख पौधे ही लगाए हैं। इसी तरह दिल्ली को 30 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया था, जबकि उसने 2 लाख पौधे ही लगाए हैं। उम्मीद है अगले साल तक यह राज्य अपने लक्ष्यों को पूरा कर लेंगे तथा अभियान की सफलता को सुनिश्चित करेंगे।